Monday, July 11, 2016

यूनाइटेड स्प्रिट्स में माल्या का 1225 करोड़ का हेरफेर उजागर
विजय माल्या का एक और बड़ा कारनामा सामने आया है। डियाजियो के नियंत्रण वाली कंपनी यूनाइटेड स्प्रिट्स लिमिटेड (यूएसएल ) ने एक नया खुलासा किया है कि कंपनी से 1,225.3 करोड़ रुपये माल्या से जुड़ी किंगफिशर एयरलाइंस और उनकी फार्मूला वन टीम सहित विभिन्न कंपनियों में अनुचित लेनदेन के जरिये पहुंचाए गए हैं। यूएसएल ने बीएसई को बताया है कि अतिरिक्त जांच में पहली नजर में यह पता चलता है कि 913.5 करोड़ रुपये इधर से उधर किए गए हैं। यह राशि 31 मार्च 2015 की विनिमय दर के आधार पर तय की गई है। यूएसएल ने इसके अलावा यूएसएल और उसकी भारतीय तथा विदेशी सहायक इकाइयों के बीच 311.8 करोड़ रुपये का अनुचित लेनदेन किए जाने की भी आशंका जताई है। यूएसएल ने स्पष्ट किया है कि माल्या के साथ कुछ महीने पहले जो समझौता किया गया उसमें यह ताजा खुलासा शामिल नहीं है। ऐसे में इस खुलासे के तहत वह जिम्मेदारी से बच नहीं सकते। राशि के दुरुपयोग का यह मामला कंपनी द्वारा की गई अतिरिक्त जां’ के बाद सामने आया है। यूएसएल को 2013 में अरबों डालर के सौदे में ब्रिटेन के डियाजिओ समूह ने खरीद लिया था, तब यह माल्या के नियंत्रण में थी। यूएसएल बोर्ड ने इस जांच का आदेश अप्रैल 2015 में शुरुआत जांच में पाई गई खामियों को दूर करने के लिये दिया था। उस समय भी 1,337 करोड़ रुपये के ऋण को लेकर गड़बड़ी पाई गई थी। यह राशि भी यूएसएल से माल्या के नेतृत्व वाले पूववर्ती यूबी समूह से जुड़ी कंपनियों को दी गई। जांच के दौरान यह लेनदेन उस समय सामने आया जब अक्तूबर 2010 से जुलाई 2014 की अवधि के लेनदेन की जांच की गई। हालांकि, इसमें कहा गया है कि कुछ लेनदेन इस जांच अवधि से भी पहले के हुये लगते हैं। यह वह समय था जब यूबी समूह का कंपनी पर नियंत्रण था।